(Amber, Jaipur)
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के 15 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 21 से 23 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 23 अगस्त से चार-पांच दिनों तक मानसून कमजोर रहने का अनुमान जताया गया है।
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, धौलपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। धौलपुर में सबसे ज्यादा 29 MM बारिश हुई। बसई नवाब क्षेत्र में 19 MM, अलवर के ठाणा गांव में 16 MM, बारी शहर में 16 MM और कोटा के टोंक क्षेत्र में 11 MM बारिश दर्ज की गई। वहीं कोटा, झालावाड़, भरतपुर और दौसा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई।
राजधानी जयपुर में गुरुवार सुबह से दोपहर तक हल्की धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शहर के कई इलाकों में बारिश हुई। जेएलएन मार्ग पर सबसे ज्यादा 17 MM और जयपुर एयरपोर्ट पर 1.4 MM बारिश दर्ज की गई। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
अलवर में करीब एक सप्ताह बाद मानसून का मिजाज बदला। सुबह बादल छाए रहने और दोपहर में धूप निकलने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे की बारिश से शहर के कुछ स्थानों पर पानी भर गया।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पूर्वी भारत के ऊपर बना लो-प्रेशर सिस्टम कमजोर हो चुका है और मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, निजामाबाद, फतेहगढ़ और हरदोई होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के जयपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों तथा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं पिछले दिनों ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ने लगा है। श्रीगंगानगर में 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।