क्या नोफोन होगा आपका अगला फोन
(India) कंपनी ने इसमें ऐसी खूबियां गिनाईं हैं, जो आईफोन 6 में भी नहीं हैं। नोफोन का कॉन्सेप्ट जानकर हो सकता है कि आप हंसते-हंसते लोट-पोट हो जाएं या फिर इसे बेहद बेवकूफी वाला बताएं। नोफोन सबसे सिक्यॉर डिवाइस है। इसे कोई अपग्रेड नहीं चाहिए। इसमें न तो कैमरा है, न डेटा कनेक्टिविटी है, न बैटरी है और यहां तक कि इससे कॉल भी नहीं की जा सकती। भले ही इससे कुछ न किया जा सकता हो, लेकिन नोफोन 2 मॉडलों में है। कुछ वक्त पहले यह प्रॉजेक्ट सामने आया था, लेकिन अब नोफोन की बिक्री शुरू हो चुकी है। नोफोन केवल स्मार्टफोन जैसा दिखता भर है, बाकी इससे कुछ किया नहीं जा सकता। अब आप सोच रहे हैं कि जब इससे कुछ किया नहीं जा सकता, तो यह किस काम का है। दरअसल इसे हाथ में पकड़े हुए आपको इस बात का कतई अहसास नहीं होगा कि आपके हाथ में स्मार्टफोन नहीं है। इसके साथ आपको इसके खोने, इसके खराब होने, डेटा चोरी होने जैसी चिंताएं भी नहीं होंगी। नोफोन 2 मॉडल में है। एक नॉर्मल नोफोन है और दूसरा इसका सेल्फी मॉडल है। अगर स्मार्टफोन के साथ आपको सेल्फी लेने का चस्का है, तो सेल्फी मॉडल में लगे शीशे से आप मान सकते हैं कि आपने अपनी सेल्फी शूट कर ली है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर नोफोन को आईफोन से कंपेयर किया है। आईफोन 6 की ज्यादातर खूबियां के सामने नोफोन के फीचर्स में नो यानी नहीं लिखा है। लेकिन इस तुलना के मुताबिक नोफोन में ऐसे 3 फीचर्स हैं, जो आईफोन 6 में नहीं है। ये फीचर शैटरप्रूफ (स्क्रीन के टूटने से बचाव), वॉटरप्रूफ और रीयल फेस टाइम हैं।

नॉर्मल नोफोन की कीमत 12 डॉलर (करीब 750 रुपए) और सेल्फी वाले नोफोन की कीमत 18 डॉलर (करीब 1100 रुपए) है। इसे नोफोनस्टोर से खरीदा जा सकता है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।