गुजरात में ‘एक स्थान’ पर उपलब्ध होगा जैव प्रौद्योगिकी नवाचार
(India) अहमदाबाद : समुद्री सामग्री, दवा, कृषि और उद्योगों से जुड़े जैव प्रौद्योगिकीय (बायोटेक) नवाचार अब एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, जो जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। राज्य सरकार की एक स्वायत्त संस्था ने क्षेत्र की सभी उपलब्धियों को एक ही स्थान पर एकत्रित करने का निर्णय किया है। इसके अधिकारियों के मुताबिक, गुजरात राज्य जैव प्रौद्यागिकी अभियान (जीएसबीटीएम) के दशकीय महोत्सव के तहत इसके संकलनों को संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। ‘गुजरात में जैव प्रौद्योगिकी की उपलब्धियां’ (माइलस्टोन्स ऑफ बायोटेक्नोलॉजी इन गुजरात) नाम से यह संकलन संगठन की वेबसाइट पर उपलब्ध है। संकलन में जैव प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां शामिल होंगी और इनमें व्यवसाय व उद्योग,शोध व शिक्षा, कृषि, समुद्र से संबंधित, दवा और स्वास्थ्य सहित औद्योगिक जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को भी शामि किया गया है। जीएसबीटीएम एक स्वायत्त संस्था है जिसकी स्थापना अप्रैल 2004 में राज्य सरकार के विज्ञान और तकनीक विभाग के अंतर्गत हुई थी। इसका उद्देश्य जैव प्रौद्योगिकी की क्षमता को उपयोग में लाना और उसे स्वीकृति देना है। जीएसबीटीएम के अधिकारी ने बताया कि इसी उद्देश्य पर अमल करते हुए जीएसबीटीएम ने सभी नवाचार को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की शुरुआत की है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।