जियो ग्राहकों के लिए डाउनलोड करना और ‘आसान’
(India)
जबसे रिलायंस जियो लॉन्च हुई है तभी से ग्राहकों को फ्री डेटा की सुविधा दे रही है। लेटेस्ट हैप्पी न्यू ईयर ऑफर के तहत यह सुविधा फिलहाल 31 मार्च 2017 तक जारी रहेगी। हालांकि इसमें शर्त यह है कि नए ऑफर में 1 जीबी प्रतिदिन की लिमिट दी गई है, जिसके बाद स्पीड घटकर 128 केबीपीएस हो जाती है। हालांकि अधिकतर यूजर्स के लिए यह समस्या वाली बात नहीं है लेकिन अगर आपको ऑनलाइन वीडियोज देखना और फिल्में डाउनलोड करने का शौक है तब शायद आपकी लिमिट जल्द खत्म हो जाती हो। रिलायंस जियो ने फिल्में देखने के लिए जियोसिनेमा ऐप दी हुई है, जिसपर काफी पॉपुलर फिल्मों का कलेक्शन है। कंपनी ने अब इस ऐप में नया फीचर ऐड कर दिया है जिसके जरिए आप फिल्में डाउनलोड करके उन्हें बाद में भी देख सकते हैं। हालांकि कई फिल्मों का साइज इतना है कि यह एक दिन की लिमिट को भी पार कर जाए। उदाहरण के तौर पर बाजीराव मस्तानी फिल्म मीडियम क्वालिटी में 985एमबी और हाई क्वालिटी में 1.91जीबी की होती है। इस समस्या को खत्म करते हुए रिलायंस जियो ने जियो सिनेमा ऐप में नया फीचर स्मार्ट डाउनलोड जोड़ दिया है। इसके जरिए फिल्म डाउनलोडिंग को रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक के बीच शेड्यूल किया जा सकता है। बता दें कि रिलायंस जियो प्लान के मुताबिक, रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक का समय ‘हैप्पी आवर्स’ में आता है, जिसमें डेटा की कोई लिमिट नहीं होती। इस समय के बीच आप अनलिमिटेड डेटा इस्तेमाल कर सकते हैं जो कि 1 जीबी की लिमिट में काउंट नहीं होता।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।