वर्तमान में चल रहे विवाद के बीच देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 82,943 लोगों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। सूत्रों के मुताबिक पिछले साल कुल आवेदनों की संख्या 79 हजार के आसपास थी। इस लिहाज से इस वर्ष आवेदन करने वालों की संख्या करीब चार हजार अधिक है। इस वर्ष 1.26 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन जेएनयू प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण किया था, लेकिन सिर्फ 74 हजार से कुछ अधिक ने ही आवेदन शुल्क का भुगतान किया। प्रवेश परीक्षा के लिए ऑफलाइन आवेदन करने वाली की संख्या मात्र 1,736 रही। बायोटेक्नोलॉजी संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए जहां ऑनलाइन 6,332 लोगों ने आवेदन शुल्क का भुगतान किया वहीं ऑफलाइन आवेदन करने वालों की संख्या सिर्फ 15 रही। जेआरएफ-नेट श्रेणी (सिर्फ साइंस स्कूल) के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर कुल 505 लोगों ने आवेदन किया। कुल मिलाकर इस वर्ष 1,51,604 लोगों ने जेएनयू में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया जबकि इनमें से 81,186 लोगों ने ही आवेदन शुल्क का भुगतान किया। वहीं ऑफलाइन आवेदन करने वालों की संख्या मात्र 1,757 रही और कुल मिलकर 82,943 लोगों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।
