सीबीएसई परीक्षा प्रक्रिया को जांचेगा पैनल एचआरडी ने बनाई समिति
(DELHI, DELHI) मानव संसाधन मंत्रालय (एचआरडी) ने 12वीं के अर्थशास्त्र और 10वीं के गणित का पर्चा लीक होने के बाद सीबीएसई परीक्षा प्रक्रिया की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है।

एचआरडी के पूर्व सचिव वी एसओ बेरॉय की अध्यक्षता वाला पैनल प्रक्रिया को तकनीक के जरिए सुरक्षित एवं आसान बनाने के उपायों पर भी सुझाव देगा और 31 मई तक अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को पेश करेगा।

एचआरडी के स्कूली शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप ने कहा कि सरकार ने सीबीएसई परीक्षाओं की प्रक्रिया की जांच करने और प्रक्रिया को तकनीक के जरिए सुरक्षित एवं आसान करने के उपाय सुझाने के लिए एचआरडी के पूर्व सचिव वी एस ओबेरॉय की अध्यक्षता में कल एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जिसमें कई विशेषज्ञ शामिल हैं।

पिछले कई दिनों से लीक की खबरों के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाओं की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे थे जिसके बाद यह कदम उठाया गया। एचआरडी मंत्रालय ने पिछले सप्ताह 12 वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा 25 अप्रैल को दोबारा कराने की घोषणा की थी।

मंत्रालय ने हालांकि कहा था कि यदि जरूरत पडी तो10 वीं की गणित की परीक्षा दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में जुलाई में कराई जाएगी। हालांकि कल उन्होंने 10 वीं की पुन: परीक्षा नहीं कराने की बात कही।

दिल्ली पुलिस ने लीक के संबंध में दो मामले दर्ज किए हैं। सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक की शिकायत पर पहला मामला 27 मार्च को 12 वीं का अर्थशास्त्र का पर्चा लीक होने के संबंध में दर्ज किया गया जबकि दूसरा मामला 28 मार्च को 10 वीं का गणित का पर्चा लीक होने के संबंध में दर्ज किया गया।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।