UPITS 2026 में नगर विकास मंत्री बोले- वेस्ट मैनेजमेंट बन सकता है बड़ी बिजनेस अपॉर्चुनिटी, CBG से रोजगार के अवसर
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) वेस्ट मैनेजमेंट आज एक बड़ी बिजनेस अपॉर्चुनिटी बन सकता है। CBG, Waste-to-Energy, Biofuel और Recycling एवं Re-processing जैसे क्षेत्रों में अपशिष्ट का उपयोग कर नए उद्योगों और रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल ट्रेड शो में नगर विकास विभाग की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर आयोजित सेमिनार में यह बात कही।

नगर विकास मंत्री ने शहरों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए नवीनतम तकनीक के माध्यम से ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक और व्यवस्थित प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के कई शहरों ने देश में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है।

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल स्वच्छता से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि शहरों के स्वास्थ्य, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

उन्होंने कहा कि प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के जरिए शहरों को स्वच्छ रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। अब इसे आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन व्यवस्था और जनभागीदारी के साथ अधिक वैज्ञानिक, व्यवस्थित और स्थायी बनाने की आवश्यकता है।

नगर विकास मंत्री ने लखनऊ के शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और प्रेरणास्थल की सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ठोस अपशिष्ट निकलता है और यदि इसका वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाए तो यही अपशिष्ट एक बड़े आर्थिक अवसर में बदला जा सकता है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।