2जी घोटाला: एम करूणानिधि की पत्नी दयालु अम्माल को मिली जमानत
(India) दयालु अम्माल का नाम 2 जी घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर किए गए आरोप पत्र में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा समेत अन्य लोगों के नामों के साथ शामिल था। विशेष सीबीआई न्यायाधीश ओ पी सैनी ने 83 वर्षीय अम्माल की जमानत याचिका पांच लाख रूपए के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत राशियों पर मंजूर की। हालांकि अदालत ने अम्माल की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपने खराब स्वास्थ्य और मस्तिष्क की अस्वस्थता के आधार पर इस मामले से बरी किए जाने की अपील की थी। अदालत ने अम्माल के वकील को दो दिन के भीतर जमानत मुचलका पेश करने के लिए कहा। न्यायाधीश ने अन्य नौ आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर भी आज फैसला सुनाना था लेकिन उन्होंने कहा कि फैसला अभी तैयार नहीं है। अदालत ने कहा कि वह आज ढाई बजे आदेश पारित करेगी। 6 अगस्त को अदालत ने पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा, द्रमुक सांसद कनिमोई और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा इस मामले में आरोपित किए गए अन्य लोगों की जमानत याचिका पर आदेश आज तक के लिए सुरक्षित रख लिए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।