देश के अग्रणी उद्योग समूह अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी देश के सबसे अमीर भारतीयों के क्लब में शामिल हो गए हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अडानी की संपत्ति में 152 फीसद की बढ़ोत्तरी हुई है। जिसके बाद अडानी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए देश के दस सबसे अमीर लोगों के क्लब में अपना स्थान पक्का कर लिया है। इस फेहरिस्त में सबसे पहला नाम देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी का आता है। चीन में छपी एकरिपोर्ट ने इस बात का खुलासा करते हुए कहा है कि पिछले कुछ समय से अडानी ग्रुप के शेयर में जबर्दस्त उछाल देखा गया है, जिससे कंपनी की बाजार पूंजी 44 हजार करोड़ रुपये पहुंच गई है। जबकि टॉप टेन भारतीय अमीरों में पहले नंबर पर काबिज मुकेश अंबानी की संपत्ति में 37 फीसद की बढ़ोत्तरी हुई है, जिससे उनकी संपत्ति 1 लाख 65 हजार करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गई है। वहीं इस फेहरिस्त में जो दूसरा नाम आता है वो है सन फार्मा के चेयरमैन दिलीप सिंघवी। सिंघवी की संपत्ति में भी 43 फीसद की बढ़ोत्तरी देखी गई है और वे आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल से एक पायदान ऊपर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक हाल के दिनों में लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति में 4 फीसद की कमी आई है, जिसके चलते वे टॉप 10 भारतीय अमीरों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। कमी के बाद मित्तल की संपत्ति 97 हजार करोड़ रुपए, जबकि सिंघवी की संपत्ति 1 लाख 29 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया गया है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।