चीनी उत्पादन 2014-15 में बढ़कर 255 लाख टन रहने का अनुमान : इस्मा
(India) चालू चीनी वर्ष 2013-14 में उत्पादन 243 लाख टन और उपभोग 240 लाख टन से कुछ अधिक रहने का अनुमान है। चीनी मिलों के संगठन इंडियन शुगर मिल एसोसिएशन (इस्मा) के आज जारी एक बयान में कहा गया है कि चालू माह की उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों के अनुसार देश में इस बार गन्ने का रकबा 52.94 लाख हेक्टेयर है, जो इससे पिछले साल से केवल 1 प्रतिशत कम है। इस्मा ने कहा है, ‘मानसून की अस्थिरता और अभी इसके असर का अनुमान लगाने में कठिनाई है पर इस्मा द्वारा वर्ष 2014-15 के चीनी सत्र के लिए चीनी उत्पादन के पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार चीनी उत्पादन 250 से 255 लाख टन के बीच रहेगा। इस्मा इस पहले अग्रिम अनुमान की अक्तूबर 2014 में समीक्षा करेगा, तब तक मानसून का असर साफ हो जाएगा।’ इस्मा ने इससे पहले जुलाई में गन्ने के रकबे के बारे में उपग्रह चित्रों के आधार पर अक्तूबर से शुरू होने वाले आगामी चीनी सत्र में चीनी उत्पादन 253 लाख टन रहने का अनुमान लगाया था। उस समय का अनुमान महाराष्ट्र और कर्नाटक में बुवाई का रकबा ऊंचा होने के आधार पर लगाया गया था, क्योंकि वहां के गन्ने में चीनी का पड़ता अपेक्षाकृत ऊंचा होता है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।