फ्लिपकार्ट की बिक्री पेशकश को लेकर कई शिकायतें : निर्मला
(India) फ्लिपकार्ट की सोमवार को ‘बिग बिलियन डे’ सेल के दौरान विभिन्न उत्पादों पर भारी छूट की पेशकश की गई। इसको लेकर छोटे बड़े व्यापारियों ने काफी चिंता जताई है कि इस तरह के अभियान से परंपरागत खुदरा बाजार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमें काफी जानकारी मिली है। कई लोगों ने चिंता जताई है। हम इसे देखेंगे।’ यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार ई-कामर्स खुदरा क्षेत्र के लिए किसी विशेष नीति पर विचार कर रही है, निर्मला ने कहा कि हम इस मामले को देखेंगे।
उन्होंने कहा, ‘काफी शिकायतें मिल चुकी हैं। हम मामले का अध्ययन करेंगे। क्या किसी अलग नीति की जरूरत है या फिर स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है, हम जल्द इस बारे में बताएंगे।’ हाल के समय में कई ई कामर्स पोर्टल भारी छूट की पेशकश कर चुके हैं। फ्लिपकार्ट ने कहा है कि ‘बिग बिलियन डे’ सेल के दौरान उसके पोर्टल पर शापिंग करने वाले लोगों की संख्या 15 लाख रही। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि इस योजना के तहत सिर्फ 10 घंटे में 600 करोड़ रुपये के उत्पाद बेचे गए। इससे पहले इसी सप्ताह व्यापारियों के प्रमुख संगठन कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री से ऑनलाइन कारोबार की निगरानी व नियमन के लिए कदम उठाने की मांग की थी। विदेश व्यापार नीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह जल्द आएगी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।