मध्यप्रदेश में 20,000 करोड़ का निवेश मार्च, 2016 तक : RIL
(India) समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज यहां वैश्विक निवेशक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘हम मध्य प्रदेश में बड़े निवेश कार्यक्रम के बीच में हैं। यह कार्यक्रम अगले 18 माह में पूरा होगा। हम कुल मिलाकर 20,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं।’ अंबानी ने यह भी संकेत दिया कि मौजूदा दौर का निवेश पूरा होने के बाद समूह इतनी ही राशि का निवेश ऊर्जा और खुदरा क्षेत्रों में भी करेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख ने कहा, ‘हमारा मुख्य निवेश कोल बेड मीथेन में होगा, जिससे ऊर्जा व प्रौद्योगिकी आएगी। हम खुदरा कारोबार में भी निवेश कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि समूह राज्य में लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मुहैया करा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद भारत फिर वृद्धि की राह पर है। देश के सबसे अमीर व्यक्ति अंबानी ने कहा, ‘रिलायंस मेरे लिए व्यापार से अधिक है। यह भारत के लिए प्रतिबद्धता है। हम भारत और साथ में मध्य प्रदेश को दुनिया का सबसे समृद्ध व विकसित क्षेत्र बनाने को प्रतिबद्ध हैं।’ विश्वस्तरीय डिजिटल ढांचे के निर्माण के बारे में अंबानी ने कहा कि 75 फीसदी काम पूरा हो गया है और यह 2015 के मध्य तक उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के 7.5 करोड़ लोगों में से 6.5 करोड़ लोग इससे जुड़ेंगे। मध्य प्रदेश आगे चलकर देश की डिजिटल राजधानी हो सकता है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।