हुदहुद ने ली तीन लोगों की जान
(India)
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान विशाखापत्तनम के तट से टकरा गया है। इसके साथ ही यहां पर उसने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। श्रीकाकुलम में पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की मौत दीवार गिरने से हुई है। ओडिशा के गोपालपुर में भी अब यह पहुंच चुका है। एनडीआरएफ की कुछ अतिरिक्त टीमें भी विशाखापत्तनम के लिए रवाना कर दी गई हैं। फिलहाल यहां पर कुल 13 टीमें राहत के काम में जुटी हैं। हर टीम में करीब पचास राहतकर्मी हैं। विशाखापत्तनम में आए हुदहुद से हवाओं की रफ्तार दो सौ किमी. प्रति घंटा तक पहुंच गई है। इसकी वजह से यहां मौसम विभाग का राडार भी गिर गया है। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली के तार टूट गए हैं। समुद्र में कई मीटर ऊंची लहरें उठ रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यह तूफान अभी विशाखापत्तनम को पार कर रहा है। शाम छह बजे तक इसके धीमा पड़ने की संभावना है। हालांकि इसके प्रभाव से होने वाली बारिश अगले दो दिनों तक जारी रहेगी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।