राजस्थान की लुटेरी दुल्हनें: 7 लाख रुपये देकर हुई थी दो भाइयों की शादी, 15 दिन बाद जेवरात लेकर हुईं फरार
(India) राजस्थान के भरतपुर जिले में सिंचाई और पीने के पानी की कमी के साथ उद्योग धंधों की कमी की वजह से अविवाहितों की संख्या काफी ज्यादा है। इस वजह से यहां के अविवाहित युवक कई बार दलालों के चंगुल में फंस जाते हैं। शादी के लिए ये लोग दलालों को रुपये देते हैं और कुछ दिन बाद दुल्हन सोना-गहने व नकदी लेकर फरार हो जाती हैं। ऐसा ही एक और मामला गढ़ी बाजना से सामने आया है।

यह है मामला
जानकारी के मुताबिक, गढ़ी बाजना थाना इलाके के बेसौरा गांव में रहने वाले राजेश कुमार शर्मा ने कोर्ट में इस्तगासा के जरिए दो लुटेरी दुल्हनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बीते फरवरी माह में तीन दलालों ने 7 लाख रुपये लेकर परिवादी राजेश कुमार शर्मा और उसके छोटे भाई रामेश्वर शर्मा की शादी उत्तर प्रदेश की रहने वाली दो बहनों के साथ कराई थी। दोनों दुल्हनों की पहचान प्रीति और चांदनी के रूप में हुई है। शादी के करीब 15 दिन बाद दोनों दुल्हनें घर में रखे सामान को लेकर फरार हो गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने इस बारे में दलालों से बात की तो वह दुल्हनों को वापस पहुंचाने की एवज में 2 लाख रुपये और मांगने लगा।

पीड़ित राजेश कुमार शर्मा ने बताई पूरी कहानी
राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि तीन दलालों ने मेरी मां कमला देवी से बात की थी। उन्होंने मेरी मां को कहा था कि ₹7 लाख में आपके दोनों लड़कों की शादी करा दी जाएगी। उसके बाद मेरी और मेरे छोटे भाई की शादी प्रीति और चाँदनी नामक दो बहनों के साथ करा दी गई थी। लेकिन 15 दिन बाद दोनों दुल्हनें घर में रखे सामान को लेकर फरार हो गई हैं। मैंने कोर्ट में इस्तगासा के जरिए शिकायत दर्ज कराई है।

क्या कहना है पुलिस का
गढ़ी बाजना थाना प्रभारी महेंद्र शर्मा के मुताबिक इस्तगासा के जरिए एक शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत में परिवादी राजेश शर्मा ने कहा है कि मेरी और मेरे छोटे भाई की शादी दलालों ने 7 लाख रुपये लेकर कराई थी। आरोप है कि दोनों दुल्हनें जेवरात लेकर फरार हो गई हैं। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।