राजसमंद में हाइवे पर ट्रैवल्स बस में लगी आग: खिड़कियों के कांच तोड़कर निकले यात्री, एक घंटे तक होते रहे धमाके
(India) राजस्थान के राजसमंद में केलवा के समीप शनिवार तड़के एक ट्रैवल्स बस में अचानक आग लग गई। धुआं उठता हुआ देखकर यात्री घबरा गए। पचास से अधिक यात्री खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकले और जान बचाई। आग के कारण एक घंटे तक रुक-रुक कर बस में धमाके होते रहे। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बस अहमदाबाद से जयपुर जा रही थी।

प्रत्यदर्शियों के मुताबिक बस के पिछले टायर से आग की हल्की लपटें उठते हुए देखकर यात्रियों ने शोर मचाना शुरू किया। ड्राइवर ने बस को एक साइड रोका। चालक और खलासी दोनों वहां से भाग निकले। कुछ यात्री तो बस के दरवाजे से बाहर निकल गए, लेकिन कुछ यात्रियों ने ग्रामीणों की मदद से खिड़कियों के कांच तोड़े और बाहर निकले। कई ने अपना सामान भी सुरक्षित निकाला, लेकिन कुछ लोगों के बैग, मोबाइल वगैरह जलकर राख हो गए। थोड़ी ही देर में आग की लपटों ने बस को अपने आगोश में ले लिया। बाहर निकले यात्रियों ने जान बचने पर ईश्वर का शुक्र अदा किया।

कई यात्रियों का सामान जलकर हुआ खाक
सूचना मिलने पर नगर परिषद राजसमंद से दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। तब तक आग की लपटें बेकाबू हो चुकी थीं। बस धू धं कर जल रही थी, और बस में धमाके भी हो रहे थे। अफरा-तफरी के कारण कई यात्रियों के मोबाइल, रुपये, पर्स, बैग इत्यादि के साथ कई महत्त्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।