(India)
केरल के एर्नाकुलम में रविवार को एक कन्वेंशन सेंटर में 5 मिनट के अंदर लगातार तीन धमाके हुए. उस वक़्त वहां लगभग 2 हजार लोग प्रार्थना कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस ब्लास्ट में अब तक 3 लोगों की मौत हो गयी है और करीब 52 लोग घायल हुए हैं. जानकारी के अनुसार डोमिनिक मार्टिन नाम के एक शख्स ने कोडकारा पुलिस स्टेशन में सरेंडर किया है और यह भी माना है कि उसने ही कन्वेंशन सेंटर में बम रखा था. वहीं, केरल पुलिस को उसके फोन से IED ब्लास्ट करने के लिए इस्तेमाल किए गए रिमोट कंट्रोल के विजुअल भी मिले हैं. यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी डोमिनिक मार्टिन ने सरेंडर करने से पहले फेसबुक लाइव किया था और उसमें उसने ब्लास्ट की बात भी कबूली है. फेसबुक पर लाइव के दौरान आरोपी ने यह भी कहा कि वो ईसाई धर्म के यहोवा के साक्षी समूह से संबंधित है, लेकिन उसको उनकी विचारधारा पसंद नहीं है और उन्हें वो देश के लिए खतरा मानता है. ऐसी विचारधारा के लोग देश के युवाओं के दिमाग में जहर घोल रहे हैं. इसलिए उसने उनकी प्रार्थना सभा के दौरान बम ब्लास्ट किया है. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि ADGP कानून एवं व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम इस घटना की जांच करेगी और जांच दल में 20 सदस्य होंगे.
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।