लक्जरी होटलों को बेचने का करार हो चुका है: सहारा समूह
(India) सहारा समूह ने आज उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि उसके लंदन और न्यूयार्क स्थित तीन लक्जरी होटलों को बेचने के लिये विदेशी खरीदार के साथ समझौता हो गया है और एक प्रतिष्ठित विदेशी बैंक भी पांच हजार करोड़ रूपए की बैंक गारंटी देने के लिये तैयार हो गयी है। न्यायालय ने सहारा समूह के मुखिया सुब्रत राय को सारी प्रक्रिया पूरी करने के लिये 15 दिन का समय और दिया है। सुब्रत राय पिछले पांच महीने से तिहाड़ जेल में हैं। उन्होंने कहा कि वह खरीदार और बैंक के नामों का खुलासा नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सौदे पर हस्ताक्षर होने तक उनकी गोपनीयता की रक्षा करनी होगी। राय की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एस गणेश ने कहा कि उन्हें जमानत के लिये करीब सात हजार करोड़ रूपए की व्यवस्था करने हेतु कुछ और समय चाहिए। उन्होंने कहा कि राय जेल से बाहर आकर कारोबार को दुरूस्त करने को सबसे ज्यादा उत्सुक हैं क्यों कि उनका कारोबार ठप होने की कगार पर पहुंच चुका है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।