(India)
वित्त मंत्रालय ने बैंकों से महिला अनुकूल स्थानांतरण नीति तैयार करने को कहा है ताकि वे ऐसे स्थानों पर अपना तबादला कर सकें जहां उनके पति काम कर रहे हैं या माता-पिता रहते हैं। सूत्रों ने कहा कि वित्तीय सेवा विभाग ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से तबादला और पोस्टिंग नीति इस रूप से तैयार करने को कहा है जिससे महिला कर्मचारियों की कठिनाई न्यूनतम हो। विभाग ने सरकारी बैंकों के प्रमुखों को भेजे पत्र में कहा है, ..यह निर्णय किया गया है कि जहां तक संभव हो शादीशुदा महिला कर्मचारियों को उनके अनुरोध वाली उस जगह या उसके आसपास पोस्टिंग तबादला दिया जाए जहां उनके पति काम कर रहे हैं। अविवाहित महिला कर्मचारियों के मामले में बैंकों से उन जगहों या उसके आसपास उन्हें तैनात या तबादला करने को कहा गया है जहां उनके माता-पिता रहते हैं। विभाग के अनुसार उसके नोटिस में यह बात आयी है कि विवाहित और अविवाहित महिला कर्मियों को उनके पति या माता-पिता से दूर पोस्टिंग या तबादला होने पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे उन्हें असुरक्षा की भावना पैदा होती है। देश में सार्वजनिक क्षेत्र के 27 बैंक हैं। इसमें भारतीय महिला बैंक शामिल हैं। इनमें करीब 8 लाख कर्मचारी कार्यरत हैं जिसमें करीब 2.5 लाख महिलाएं हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।