अच्छी पर्सनैलिटी पाने और जॉब में तरक्की पाने के लिए करें यह उपाय
(India) ज्योतिष शास्त्र में सूर्य आत्मा व पिता का कारक हैं। सूर्य एक ऐसा ग्रह है जो व्यक्ति को मान-सम्मान, अच्छी पर्सनैलिटी व जॉब में तरक्की व अधिकार दिलाता है। ग्रहों का राजा होने के कारण ही सूर्य का पूजन समाज में प्रमुख स्थान दिलवाता हैं। इसीलिए मान-सम्मान की प्राप्ति के लिए, सरकारी कामों में आ रही अड़चन को दूर करने के लिए व आत्मबल की वृद्धि के लिए उगते हुए सूर्य को नमस्कार करने व अर्घ्य देने का विधान है। सूर्य के पूजन का दिन रविवार को माना गया हैं, लेकिन रोज ही सूर्य को अर्घ्य देने का विधान है। यदि प्रथम बार सूर्य देवता को अर्घ्य प्रदान कर रहे हैं तो रविवार से ही शुरु करें।

इस प्रकार दें सूर्य को अर्घ्य

अर्घ्य के लिए सुबह मे उठकर नहाने के बाद सूर्योदय होने पर एक तांबे के लोटे में जल लेकर उसमें लाल चन्दन, चावल, लाल फूल रखकर दोनों हाथों को सूर्य के प्रतिबिंब की ओर रखते हुए सूर्य गायत्री मन्त्र (ऊँ भास्कराय विद्महे आदित्याय धीमहि तन्नो सूर्यः प्रचोदयात्) से या फिर ऊँ सूर्याय नमः अर्घ्यं समर्पयामि मन्त्र से जल चढ़ाएं। इस समय निगाह लोटे के जल की धारा की ओर रखने पर सूर्य का प्रतिबिम्ब एक बिन्दु के रूप में जल की धारा में दिखाई देगा। जल चढ़ाने के बाद सूर्य देवता की सात प्रदक्षिणा करें व हाथ जोड़कर प्रणाम करें। जल चढ़ाने से पहले एक बर्तन नीचे की ओर रख लें ताकि जल बहकर इधर-उधर न जाए। अर्घ्य देने के बाद बर्तन के जल को क्यारी में डाल दें।
सूर्योपनिषद् के अनुसार सभी देवी-देवता, ऋषि व पितर भी सूर्य की किरणो में निवास करते हैं।

भारतीय चिंतक पद्धति के अनुसार सूर्य देवता की उपासना बिना कोई भी इंसान किसी भी कार्य को करने का अधिकारी नही बन सकता। सूर्य की पूजन के बिना किसी का कल्याण नही होता हैं चाहे वो अमृत पीने वाले देवता ही क्यों न हो।

मानसं वाचिकं वापि कायजं यच्च दुष्कृतम्।
सर्वसूर्य प्रसादेन तदशेषं व्योपहति।।

अर्थात् जो भी इंसान जिस किसी भी भावना से सूर्य देवता की उपासना करते हैं व उनका पूजन करते हैं, सूर्य देवता उनके कार्यो को पूरा करते हैं। सूर्य की कृपा से मन से किए गए, वाणी से किए गए, शरीर से किए गए सारे पाप मिट जाते है।
अग्निपुराण में कहा गया है कि गायत्री मन्त्र द्वारा सूर्य की अर्घ्य देने से वह सभी मनोरथ पूर्ण करते है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।