फरीदाबाद : पटाखा बाजार में लगी आग
(India)
फरीदाबाद दशहरा ग्राउंड के पटाखा बाजार में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई. आग ने आसपास की करीब 200 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया है. आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. धनतेरस के मौके पर बाजार में बहुत भीड़ थी. आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि एक दुकानदार दिलीप शर्मा के मुताबिक दुकान नंबर 9 और 10 के नजदीक किसी ने पटाखों को चेक करने के लिए आग जलाई, जिससे आग लगी. इसके बाद देखते ही देखते आसपास की दुकानों में आग फैल गई. आसपास खड़ी 150 टू व्हीलर गाड़ियों और 25 से अधिक कारों में भी आग लगने की खबर है. इस घटना में करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. दमकल सूत्रों ने बताया कि एनआईटी के दशहरा ग्राउंड में पटाखों की करीब 233 स्टॉल आग की भेंट चढ़ गई. इस दौरान करोड़ों रुपये के पटाखे जलकर स्वाहा हो गए. आग की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की 10 गाड़ियां पहुंची और आग बुझाने में लग गईं. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर देर से पहुंची.

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।