मुंबईमें Tiger Shroff पर 5 राउंड फायरिंग, ड्राइवर को लगी गोली, Lawrence Gang ने ली जिम्मेदारी, Salman Khan की सुरक्षा बढ़ी
(Mumbai, Mumbai) बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई। फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की कार पर बाइक सवार तीन लोगों ने कथित तौर पर पांच राउंड गोलियां चलाईं। घटना में उनके ड्राइवर फिरदौस को गोली लगी, जबकि उमेश चव्हाण नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टाइगर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई। घटना के बाद उनकी तस्वीरें सामने आईं, जिनमें उनकी बांह और सीने पर पट्टियां बंधी दिखाई दीं।

जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ रविवार को फुटबॉल खेलने के बाद कुछ प्रशंसकों के साथ सेल्फी खिंचवाकर वहां से निकले थे। उनकी कार जुहू के पुष्पा नरसी पार्क के पास रुकी थी। इसी दौरान उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा थी। तभी बाइक पर सवार तीन लोग पहुंचे और उनकी कार पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। घटना जुहू पुलिस स्टेशन से करीब 350 मीटर दूर हुई।

पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने वारदात से पहले टाइगर की रेकी की थी। बताया जा रहा है कि अभिनेता हर रविवार करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने के लिए इस पार्क में आते हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि हमलावरों को उनके नियमित कार्यक्रम और आने-जाने के रास्ते की जानकारी थी।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और उसके रजिस्ट्रेशन तथा चेसिस नंबर की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

फायरिंग में शामिल बताए जा रहे आरोपियों की एक तस्वीर भी सामने आई है। इसमें दो युवक सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने काली कैप लगा रखी है। हालांकि, तस्वीर कब और कहां की है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो वायरल हुआ। इसमें खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताने वाले अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में कथित तौर पर कहा गया कि सलमान खान के साथ काम करने वालों को अंजाम भुगतना होगा। वायरल ऑडियो में सलमान खान और उनके परिवार को भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इससे पहले 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना हो चुकी है।

फायरिंग के समय टाइगर के साथ मौजूद ड्राइवर फिरदौस का बयान दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, उनके दाहिने हाथ में गोली लगी। घायल उमेश चव्हाण की हालत गंभीर बताई गई है। देर रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अभिनेता के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।

घटना के समय अभिनेता करणवीर मेहरा की कार टाइगर की कार के ठीक पीछे थी। करणवीर ने NDTV को बताया कि उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी और लोगों को चिल्लाते देखा। शुरुआत में उन्हें लगा कि आतिशबाजी हो रही है। बाद में घटनास्थल पर खून के धब्बे देखकर उन्हें घटना की गंभीरता का पता चला। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से पुलिस को सूचना दी गई, हालांकि तब तक टाइगर अपने ड्राइवर के साथ वहां से जा चुके थे।

जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच मुंबई पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश और घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए 15 टीमें गठित की हैं।

Digital Desk: Liza Chandel

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।