यूपी एमएलसी चुनाव में योगी ने किया गोरखपुर में मतदान,बोले- विकास, राष्ट्रवाद और अपराध मुक्त प्रदेश के लिए वोट...
(India) उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 27 स्थानीय प्राधिकारी सीटों के लिये शनिवार को हो रहे मतदान में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में बतौर विधायक मताधिकार का प्रयोग किया। योगी ने सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद गोरखपुर नगर निगम में स्थित मतदान केन्द्र पर जाकर मतदान किया। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में योगी गोरखपुर सदर सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा निर्वाचित होने वाली सीटों पर चुनाव में लोकसभा और विधानसभा के सदस्यों के अलावा ग्राम पंचायतों, ब्लॉक एवं नगर निगम सहित सभी प्राधिकरणों के नर्विाचित प्रतिनिधि मतदान करते हैं।

मतदान के बाद योगी ने महाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के पवित्र दिन पूरे प्रदेश में विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारी सीटों पर मतदान हो रहा है। जिन 36 सीटों पर चुनाव होना है उनमें से 9 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुन लिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान वाली 27 सीटों में गोरखपुर महाराजगंज सीट पर एक मतदाता के नाते मैं भी अपना मतदान करने के लिए आया हूं। मेरे साथ में पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला जी, सांसद रवि किशन, महापौर सीताराम जयसवाल, गोरखपुर ग्रामीण सीट से विधायक विपिन सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि भी मतदान के लिये आए हैं।

योगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में दो तिहाई से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि विधान परिषद में पहली बार लगभग चार दशक के बाद ऐसी स्थिति आएगी जब सत्ताधारी दल का उच्च सदन में भी प्रचंड बहुमत होगा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।