राजस्थान के सिरोही में रहस्यमय बीमारी से पांच दिन में सात बच्चों ने गंवाई जान, जांच में जुटी मेडिकल टीम
(India) राजस्थान के सिरोही में पिछले पांच दिनों में रहस्यमय बीमारी से सात बच्चों की मौत हो चुकी है। इस घटना ने प्रशासन के कान खड़े कर दिए हैं। यह मौतें 9 से 13 अप्रैल के बीच हुई हैं। इन बच्चों बुखार, ऐंठन, डायरिया और उल्टी की शिकायत थी। वहीं सात में से दो बच्चे बस्तियों के रहने वाले थे।


बच्चा उठा, पानी मांगा और उल्टी करने लगा
संयुक्त निदेशक जागेश्वर प्रसाद ने बताया कि मरने वाले बच्चों की उम्र 2 से 14 साल के बीच थी और यह सभी अलग-अलग परिवार से थे। उन्होंने बताया कि हम मौतों की वजह का पता लगाने में जुटे हैं। लेकिन अनुमान है कि इसके पीछे वायरल बीमारी हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहाकि ब्लड सैंपल की रिपोर्ट आने से पहले कुछ भी दावा नहीं किया जा सकता। संयुक्त निदेशक के मुताबिक सभी मौतें एक दिन के भीतर हुई हैं। अपने पांच साल के बच्चे को खोने वाली एक महिला ने बताया कि उसका बेटा सुबह पांच बजे उठा। उसने पानी मांगा और फिर उल्टी करने लगा। आठ बजते-बजते उसकी मौत हो गई।

300 घरों का हुआ सर्वे
संयुक्त निदेशक ने बताया कि जिन सात बच्चों की मौत हुई है, उनमें से तीन ने एक लोकल आइसक्रीम खाई थी। यहां पर फूड प्वॉइजनिंग का मामला हो सकता है। लेकिन यह भी इतना तेज रिएक्शन नहीं करेगा कि एक दिन में ही जान चली जाए। वहीं शक है कि दो अन्य बच्चों ने भी वही आइसक्रीम खाई थी, लेकिन किसी ने उन्हें खाते देखा नहीं था। उन्होंने बताया कि जयपुर और जोधपुर मेडिकल कॉलेज से टीमें इलाके में पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि हम लगातार इलाके पर नजर रखे हुए हैं। करीब 300 घरों का सर्वे किया जा चुका है और 58 सैंपल लेकर जयपुर की लैब में भेजे गए हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।