PM मोदी ने आर्थिक वैश्वीकरण को स्वीकार करने, विनिर्माण को बढ़ावा देने का किया आह्वान
(India) मोदी ने शुक्रवार को लालकिले की प्राचीर से ‘कम, मेक इन इंडिया’ .. ‘आइये, हिंदुस्तान में विनिर्माण कीजिए’ के नारे के साथ विदेशी निवेशकों से ‘इलेक्ट्रिक से इलेक्ट्रानिक, केमिकल से फार्मास्युटिकल्स, प्लास्टिक से लेकर पेपर, आटो से एग्रो इंडस्ट्री और उपग्रह से लेकर पनडुब्बी के विनिर्माण जैसे विविध क्षेत्रों में भारत में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। मोदी ने कहा कि भारत को विश्व में आये बदलावों के संदर्भ में सोचना होगा। उन्होंने उद्योगों और औद्योगिक हुनर रखने वाले युवकों का भी आह्वान किया कि वे ऐसे उत्पाद तैयार करे ताकि दुनिया भर में ‘मेड इन इंडिया’ का नाम स्थापित हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में रोजगार को बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने तथा देश की ताकत का सही इस्तेमाल करने के लिये हमें विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने ‘जीरो डिफेक्ट’ (त्रुटीहीन उत्पाद) और ‘जीरो इफेक्ट’ (पर्यावरण अनुकूल उद्योग) पर बल देते हुए भारत के इस प्रयास में दुनिया के लोगों को जुड़ने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने अलिखित उद्बोधन में कहा, ‘आज विश्व बदल चुका है। भारत अलग-थलग एक कोने में बैठकर अपना भविष्य तय नहीं कर सकता।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।