दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई, ध्रुव राठी समेत कई लोग हिरासत में
(DELHI, India) नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रानिका और सौरभ दास को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों के विमान में दाखिल होते ही अंदर हंगामे की स्थिति बन गई।

दिल्ली पुलिस ने करीब 500 प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया है। खबर के अनुसार, यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP की कानूनी प्रमुख रत्ना को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी वहां पहुंच रहे हैं। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के गेट बंद किए गए हैं। इन्हें आज शाम 6 बजे खोलने की बात कही गई है।
इसके अलावा, इंडिया गेट के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने की जानकारी दी गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक दिन पहले बयान जारी किया था। पुलिस के मुताबिक, CJP की ओर से प्रदर्शन के लिए आवेदन 7 अक्टूबर को मिला था, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को प्रस्तावित था। पुलिस ने कहा कि आवेदन निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप नहीं था। पुलिस ने प्रदर्शनों के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को भी अनुमति नहीं देने की वजह बताया है।

प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।