पिछले 11 साल में सबसे निचली रैंकिंग पर पहुंचे लिएंडर पेस
(India) इससे पहले पेस 13 जनवरी 2003 को युगल रैंकिंग में 38वें स्थान पर खिसक गये थे लेकिन फिर उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उसके बाद यह पहला अवसर है जबकि यह भारतीय खिलाड़ी युगल रैंकिंग में शीर्ष 30 से बाहर हुआ है। पेस बीच में सितंबर 2004 में 30वें स्थान पर लुढ़क गये थे। यही नहीं यह अगस्त - सितंबर 2000 के बाद पहला अवसर है जबकि पेस 23 या इससे अधिक पायदान नीचे लुढ़के हैं। वह 2000 में एक समय 59 पायदान नीचे खिसककर शीर्ष 100 से बाहर हो गये थे। इसके बाद सितंबर 2002 में भी 11 पायदान नीचे खिसके थे लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वह अधिकतर समय शीर्ष 10 में जगह बनाने में कामयाब रहे थे। पेस पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं जिसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा है। वह इस साल अभी तक कोई खिताब नहीं जीत पाये हैं। पेस और चेक गणराज्य के उनके जोड़ीदार रादेक स्टेपनेक यूएस ओपन के अंतिम 16 में पहुंचे थे जहां उन्हें मार्सेल ग्रेनोलर्स और मार्क लोपेज की स्पेनिश जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा था। पेस ही नहीं उनके जोड़ीदार स्टेपनेक भी 20 पायदान नीचे 31वें स्थान पर खिसक गये हैं जिससे उनकी जोड़ी युगल टीम रेस टू लंदन की दौड़ में 17वें स्थान पर खिसक गयी है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।