परिसीमन बिल से 2029 में महिला आरक्षण लागू होने का रास्ता खुलेगा: योगी
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ होगा।

2011 की जनगणना के आधार पर बढ़ेंगी सीटें

सीएम योगी ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा। राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखते हुए उसी अनुपात में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी। इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह ऐतिहासिक पहल है।

यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।

सीएम ने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी जनप्रतिनिधियों को इस पहल में अपना समर्थन और सहयोग देना चाहिए।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।