साउथ कोरिया में 17 वें एशियाई खेलों का आगाज आज से
(India) ओलम्पिक के बाद धरती के दूसरे सबसे बड़े खेल आयोजन एशियाई खेलों के 17वें संस्करण का आयोजन दक्षिण कोरिया के शहर इंचियोन में आज से होगा और 16 दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में 45 देशों के 13 हजार एथलीट अपनी दमदार चुनौती पेश करेंगे। दक्षिण कोरिया तीसरी बार एशियाई खेलों का आयोजन कर रहा है। इससे पहले उसने 1986 में सोल में और फिर 2002 में बुसान में एशियाई खेलों का आयोजन किया था। 4 अक्टूबर तक चलने वाले इन खेलों में 45 देशों के एथलीट 28 ओलिम्पिक सहित कुल 36 खेलों की 439 स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने की जद्दोजहद से गुजरेंगे। दुनिया की खेल महाशक्ति बन चुका चीन एक बार फिर इन खेलों में सर्वाधिक पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगा चीन ने 2010 में अपनी मेजबानी में ग्वांग्झू में हुए एशियाई खेलों में 199 स्वर्ण सहित कुल 416 पदक जीते थे जबकि दक्षिण कोरिया 76 स्वर्ण सहित 232 पदकों के साथ दूसरे और जापान 48 स्वर्ण सहित 216 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा था। आबादी में विश्व में चीन के बाद दूसरी सर्वाधिक जनसंख्या रखने वाला देश भारत 14 स्वर्ण 65 पदक लेकर छठे स्थान पर रहा था।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।