पाकिस्तान ने संदिग्ध एक्शन वाले गेंदबाजों पर कसा शिकंजा
(India) दिग्गज स्पिनर सईद अजमल के अवैध गेंदबाजी एक्शन के कारण निलंबित होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह बड़ा कदम उठाया है। अजमल को इस महीने की शुरूआत में निलंबित कर दिया गया था जब पाया गया कि उनकी कोहनी 43 डिग्री तक मुड़ती है जो 15 डिग्री की वैध सीमा से कहीं अधिक है। इस निलंबन से पीसीबी को करारा झटका लगा और उसने आगे अंतरराष्ट्रीय मंच पर शर्मसार होने से बचने के लिए कड़ी कार्रवाई शुरू की।
पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट निदेशक इंतिखाब आलम ने संवादताओं से कहा, ‘मौजूदा घरेलू क्रिकेट सत्र में हमें संदिग्ध एक्शन के लिए 29 गेंदबाजों की शिकायत मिली थी जिसमें से आधों की शिकायत दो बार की गई इसलिए हमने इनमें से लगभग 16 के घरेलू क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया है।’ आलम ने कहा, ‘इन सभी गेंदबाजों को घरेलू क्रिकेट में खेलने की स्वीकृति नहीं होगी और इन्हें अपने एक्शन में बदलाव के लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी जाना होगा।’ इस समस्या से निपटने के लिए पीसीबी ने लाहौर में इस महीने अपनी बायोमैकेनिक्स प्रयोगशाला को भी दुरूस्त किया। मशीन खरीदने में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप के बाद सात साल से यह प्रयोगशाला बंद थी। अजमल पाकिस्तान के सातवें गेंदबाज हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए शिकायत की गई है। इससे पहले शाहिद अफरीदी, शब्बीर अहमद, मोहम्मद हफीज, रियाज अफरीदी, शोएब मलिक और शोएब अख्तर की संदिग्ध एक्शन के लिए शिकायत हो चुकी है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।