गैस दाम बढ़ाने से रिलायंस की आय में चार करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी
(India)
रिलायंस इंडस्ट्रीज और उसके भागीदारों को पूर्वी अपतटीय केजी-डी6 ब्लॉक से उत्पादित गैस के लिए इस वित्त वर्ष में चार करोड़ डॉलर अतिरिक्त हासिल होंगे। उल्लेखनीय है कि सरकार ने गैस कीमतों में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है, जिससे इन कंपनियों का राजस्व बढ़ेगा। रिलायंस के परिचालन वाले केजी-डी6 ब्लॉक में दस प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली निको रिसोर्सेज ने कहा है कि भागीदारों को उनके द्वारा ब्लॉक के एमए क्षेत्र से उत्पादित गैस पर 5.61 डॉलर प्रति इकाई (एमएमबीटीयू) का दाम मिलेगा। वहीं डी 1 और डी 3 क्षेत्रों के लिए पुरानी 4.2 डॉलर प्रति इकाई की दर लागू रहेगी, क्योंकि इन क्षेत्रों में उत्पादन में भारी गिरावट की वजह को लेकर विवाद अभी निपटा नहीं है। कंपनी ने बयान में कहा कि अप्रैल से सितंबर, 2014 के दौरान डी6 ब्लॉक से बेची गई प्राकृतिक गैस में से 40 प्रतिशत का उत्पादन एमए क्षेत्र से हुआ है, जबकि शेष 60 प्रतिशत का उत्पादन डी1 और डी3 क्षेत्रों से हुआ है। एमए क्षेत्र से उत्पादन के कंपनी के ताजा अनुमान के हिसाब से निको रिसोर्सेज को एक नवंबर, 2014 से 31 मार्च, 2015 तक संशोधित मूल्य के हिसाब से 40 लाख डालर का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।