उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ’समाजवादी पेंशन’ योजना का शुभारम्भ
(BakshiKaTalab**, Lucknow) इस योजना पर सालाना लगभग 2424 करोड़ रुपये की लागत आयेगी और लगभग 40 लाख गरीब परिवारों को फायदा होगा। योजना का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा, ‘समाजवादी पेंशन योजना अपनी तरह की अकेली योजना है, जिसमें लाभार्थियों को मिलने वाली पेंशन सीधे उनके बैंक खाते में जाएगी।’ उन्होंने बताया कि मौजूदा प्रावधान के अनुसार इस योजना के लाभार्थियों को शुरू में 500 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी, जिसमें 50 रुपये सालाना बढ़ोत्तरी के बाद अधिकतम 750 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे और इस योजना से प्रदेश के लगभग 40 लाख गरीब परिवारों को फायदा होगा। अखिलेश ने बताया कि इस योजना को अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसे बच्चों को स्कूल भेजने, पांच साल तक के बच्चों का समुचित टीकाकरण और स्वास्थ्य एवं सुरक्षित प्रसव सेवा आदि से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री अखिलेश ने समाजवादी पेंशन योजना को देश में अपनी तरह की अनूठी योजना बताते हुए कहा, ‘समाजवादी पार्टी सरकार देश भर में अकेली प्रदेश सरकार है, जिसने चुनाव घोषणा पत्र में किये अपने सारे वादे पूरे किये है।’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने लैपटाप बांटे, बेरोजगारी भत्ता दिया, कन्या विद्याधन योजना चलायी और अब तीन शहरों में मेट्रो रेल परियोजना शुरू की गयी है। अखिलेश ने कहा कि किसी भी सरकार ने इतना काम नहीं किया है, जितना उनकी सरकार ने किया है। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पेंशन योजना की राशि भविष्य में सरकार के संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी जब भी सत्ता में आयी है, इसकी सरकार ने नयी नयी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।