मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे। वह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘नमो बुक फेस्ट, काशी संस्करण’ का अवलोकन करेंगे। इसके बाद जनसभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन भी करेंगे।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा स्वागत
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक सेवा यात्री बस से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पहुंचेंगे। सुबह 9 बजे सभागार में उनके स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। बाइक यात्रियों का तिलक, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे और वहां से पैदल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।
22 कलश के साथ होगा जलाभिषेक
पैदल यात्रा में गुजरात की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश, कुल 22 कलश शामिल रहेंगे। इनके साथ 51 महिलाएं चलेंगी। संगठन पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विधायकों, मंत्रियों, एमएलसी और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक सेवा यात्री भी पैदल यात्रा में शामिल होंगे। कुल संख्या करीब 800 बताई गई है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। इसके बाद सभी यात्री दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित भाजपा की जनसभा में शामिल होंगे।
यात्रा के अगले चरण में 8 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे सभी बाइक यात्री अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इसके बाद अयोध्या से दिल्ली पहुंचकर सभी अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।