(DELHI, India)
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, ‘ जनता के सामने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार का काम है। दिल्ली में जब भी चुनाव होंगे, हमें जनता का पूरा समर्थन मिलेगा। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी, हमारा मुख्यमंत्री होगा.. लेकिन निश्चित तौर पर वह सरकार और जनता को ‘मझधार में छोड़कर नहीं भागेगा’ बल्कि ईमानदारी, संवेदनशीलता के साथ समर्पित होकर जनता के लिए काम करेगा। ’ नकवी से आप नेता अरविंद केजरीवाल की खबरों में आई उस टिप्पणी के बारे में पूछा गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली में नरेन्द्र मोदी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं बल्कि यह मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव होगा जिसमें भाजपा कोई चेहरा नहीं पेश कर रही है । केजरीवाल ने अपनी ओर से भाजपा नेता जगदीश मुखी का नाम अपने प्रतिद्वन्द्वी के रूप में आगे बढाया था। भाजपा नेता ने कहा, ‘ वह (केजरीवाल) अपनी पार्टी की चिंता छोड़कर यह देखने में व्यस्त हैं कि दूसरी पार्टी में कौन नेता बनेगा। वह सुपर संवैधानिक संस्था बन गए हैं जिसपर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं है।’ दिल्ली में कांग्रेस द्वारा चुनाव अभियान में सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर को शामिल करने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर नकवी ने कहा कि वह (कांग्रेस) जिसको चाहे, उसे जोड़े लेकिन 1984 के दंगों के जख्म अभी भी हरे हैं। ऐसे घटनाक्रम से लोगों के मन में शंकाएं खड़ी होती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।