(Bari, Dhaulpur)
पहले तो शराब का नशा फिर सरकारी कुर्सी का रौब। अगर दोनों एक साथ मिल जाए तो आम जनता का क्या होगा, आप खुद अंदाजा लगा सकते हैं। धौलपुर नगरपरिषद में भी कुछ ऐसा ही नजारा उस वक्त देखने को मिला, जब नगरपरिषद का एक जेईएन सुबह से ही शराब के नशे में मदमस्त हो गया। नशे में मदमस्त जेईएन ने शहर के ही एक व्यक्ति को सरकारी रौब दिखाते हुए उस अतिक्रमण को हटाने का नोटिस दे दिया जो उसने कभी किया ही नहीं था। झूठे नोटिस को देखकर जब पीडि़त मोहल्ले के लोगों के साथ नगरपरिषद जेईएन से मिलने पहुंचा तो शराब के नशे में चूर नगर परिषद के जेईएन ओमप्रकाश त्यागी ने लोगो को हड़काना शुरू कर दिया। नगरपरिषद में हंगामे की खबर मिलते ही जन टीवी का कैमरा जेईएन के पास पहुंच गया। इसे देख जेईएन साहब हाथ बाँध कर पीछे खड़े हो गए। जब उनसे कैमरे के सामने शराब पीने के बारे में पूछा गया तो कभी हां तो कभी ना का जबाब देते हुए उनकी जुबान लडखडाने लगी। मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को देखकर जेईएन के साथ मौजूद दलाल उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर नगर परिषद से रफूचक्कर हो गया। जब इस मामले के की जानकारी नगरपरिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव को दी गई तो उन्होंने शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।