निकाय चुनाव में प्रत्याशियों की तसवीर हुई साफ,
(Bayana, Bharatpur) चुनावी चैसर में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों की निर्दलीय प्रत्याशियों से भी नींद उड़ी हुई है। इनमें पार्टी से बागी होकर लड़ रहे प्रत्याशी भी शामिल हैं। कई वार्डो में तो निर्दलीय प्रत्याशियों से जातिगत समीकरण बिगड़ने की स्थिति बन गई है। ऐसे में प्रमुख दलों के उम्मीदवार निर्दलीयों से सांठगांठ बिठाने को लेकर सम्पर्क कर रहे हैं, लेकिन ये उम्मीदवार अब तक हुए खर्च को जोड़कर अपनी कीमत लगा रहे हैं। दरअसल, कई निर्दलीय और भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी एक ही जाति के हैं और उनकी वार्ड में अच्छी पकड़ होना भी दोनों प्रमुख पार्टियों के लिए सिरदर्द का कारण बना हुआ है। ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों की मान-मनौव्वल के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी जुटे हुए हैं। शुक्रवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन होने के कारण गुरूवार देर रात तक इन्हें मनाने का दौर चलता रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ निर्दलीय प्रत्याशी तो दाम तक मांगने से भी नहीं चूक रहे। इसके लिए अब तक खर्च होने वाली राशि का हवाला दिया जा रहा है। दोनों राजनीतिक पार्टियों के कार्यालयों में भी निर्दलीय उम्मीदवारों की ओर से डिमाण्ड करने की बात पहुंची। इनका कहना था कि कई निर्दलीय प्रत्याशी बैठने को तो राजी है, लेकिन मांग इतनी है कि पूरी करना असंभव है। इसका कारण यह है कि एक वार्ड में एक से अधिक निर्दलीय उम्मीदवार जातिगत समीकरण बिगाड़ने के लिए खड़े हो गए हैं। इस मुद्दे पर भी देर रात वार्ड कार्यालय और अन्य जगहों तक कशमकश जारी रही। इसके लिए भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने तो कार्यकर्ताओं की अलग से टीम तक सक्रिय कर दी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।