राजस्थान में पारा गिरने से सर्दी का प्रकोप बढ़ा
(India)
राजस्थान में भी बादल छंटने के साथ ही पारा गिरने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह छाये घने कोहरे से वाहनों की रफ्तार थम गई थीं वहीं करीब एक दर्जन से अधिक रेलगाडियां एक घंटे से 12 घंटे तक विलम्ब से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार पाली जिले के एरनपुरा 1.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश के मैदानी इलाकों में सबसे ठण्डा स्थान रहा, जबकि प्रदेश के एक मात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में गत तीन दिन से पारा एक डिग्री बना हुआ है। मरूस्थलीय इलाके में स्थित चूरू में रात का तापमान 3.1 डिग्री, सरहदी गंगानगर में 3.3 डिग्री झीलों की नगरी उदयपुर के डबोक हवाई अड्डे पर 3.2 डिग्री पिलानी में 4.7 ड्रिग्री, ख्वाजा नगरी अजमेर तथा चम्बल किनारे स्थित कोटा में सात डिग्री, जोधपुर में 8.8, जैसलमेर में 9 तथा बाडमेर और बीकानेर में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में तेज ठण्ड से राहत की उम्मीद नहीं है।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।