झारखंड के 10वें मुख्यमंत्री के तौर पर रघुवर दास ने ली शपथ, समारोह में नहीं पहुंचे पीएम मोदी
(JHARKHAND, India) मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा 4 अन्य ने भी मंत्री पद की शपथ ली। आज दास के अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भाजपा के सीपी सिंह, कार्यवाहक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दुमका से पराजित करने वाली भाजपा की लुईस मरांडी, वरिष्ठ आदिवासी भाजपा नेता नीलकंठ सिंह मुंडा और गठबंधन सहयोगी आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली। सूत्रों ने बताया कि शेष 7 मंत्रियों को बाद में शपथ दिलाई जाएगी। इस बीच, कैबिनेट सचिव एन एन पांडेय ने बताया कि आज शाम 4 बजे राज्य के नए मंत्रिमंडल की पहली बैठक भी सचिवालय में होगी। रघुवर दास झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री है। शपथ ग्रहण समारोह कई केंद्रीय मंत्री और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए, लेकिन झारखंड चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस शपथ ग्रहण समारोह में मौसम खराब होने की वजह से नहीं पहुंच पाए। दिल्ली में घने कुहरे की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को झारखंड की यात्रा रद्द करनी पड़ी जहां उन्हें मनोनित मुख्यमंत्री रघुवर दास के शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने जाना था। प्रधानमंत्री ने ट्विट किया, रघुवर दास के शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने झारखंड जाना था लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए वहां जाने में असमर्थ हूं। उन्होंने कहा, मैं रघुवर दास को झारखंड के मुख्यमंत्री का दायित्व संभालने पर बधाई देता हूं और अपनी ओर से हार्दिक शुभाकमनाएं देता हूं। भाजपा के मीडिया प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी जाना था लेकिन दिल्ली में घने कोहरे की वजह से शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने रांची नहीं जा पा रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।