(India)
राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में भाजपा नेता राम माधव और पार्टी की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा शामिल थे। गौर हो कि राम माधव जेएंडके बीजेपी के प्रभारी भी हैं। वहीं, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती बुधवार को गवर्नर से मिलने जा सकती हैं। सरकार बनाने के लिए पीडीपी की तरफ से अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के साथ ‘महागठबंधन’ करने का विचार पेश किये जाने के एक दिन बाद भाजपा ने इसकी निंदा करते हुए इसे जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ ‘विश्वासघात’ बताया। भाजपा महासचिव राम माधव के साथ राज्यपाल से मुलाकात करने वाले पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख जुगल किशोर शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी नेता एक जनवरी को राज्यपाल से मुलाकात करके अपना प्रस्ताव सौंपेंगे। राज्यपाल के साथ आज की भेंट को राज्य में सरकार गठन की चल रही प्रक्रिया के हिस्से के तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन की प्रक्रिया जारी है और इस प्रक्रिया के दौरान लोग मिलते रहते हैं लेकिन राज्यपाल के साथ हमारी औपचारिक मुलाकात एक जनवरी को होगी जब भाजपा उन्हें अपना प्रस्ताव सौंपेगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।