(WESTBENGAL, India)
पश्चिम बंगाल में पूर्व मिदनापुर जिले के चांदीपुर में कल एक जनसभा में ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति की हालत गंभीर बतायी जा रही है क्योंकि उसके सिर में काफी चोट आयी है। अभिषेक बनर्जी को थप्पड़ मारने पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमलावर देबाशीष आचार्य को बुरी तरह पीटा था। इसी बीच बनर्जी ने कहा कि उन्होंने हमलावर को माफ कर दिया है और वह उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। तमलुक अस्पताल में भर्ती आचार्य का इलाज कर रहे डाक्टरों ने कहा कि उसकी हालत गंभीर है। उसे कभी होश आता है तो कभी वह बेहोश हो जाता है। उसके सिर पर तीन स्थान पर गहरा जख्म है। तमलुक में आचार्य के घर पर जब पत्रकार पहुंचे तो वहां उसके परिवार का कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसी बीच एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो लोग पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए हैं जो बनर्जी को थप्पड़ मारे जाने से पहले चांदीपुर में आचार्य के साथ थे। दोनों की पहचान तमलुक के तमाल और कोंटाई के पल्लब के रूप में हुई है। सभा में इन तीनों के साथ एक और व्यक्ति था। उसे भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। उधर, बनर्जी ने फेसबुक पर लिखा, ‘निजी स्तर पर, मुझे उसे माफ कर देना चाहिए और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करनी चाहिए। आज एक नया दिन है, हम भविष्य की ओर देखना चाहिये।’ उन्होंने तृणमूल कार्यकर्ताओं से राज्यभर में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने तथा अपने उपर संयम रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा, ‘कल की घटना के बाद करीब 24 घंटे हो चुके हैं। चांदीपुर में जो कुछ हुआ, वह अब पुलिस जांच का विषय है। अतएव मुझे कोई भी टिप्पणी करने से बचना चाहिए क्योंकि यह जांच से पहले ही निष्कर्ष निकालना होगा।’
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।