(India)
सरकार को तोड़ सकने की हैसियत रखने का दावा करने वाले अपने कथित बयान को लेकर विवादों में घिरे बीजेपी सांसद साक्षी महाराज के सुर बदल गए हैं . उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समावेशी विकास की राजनीति के लिए तारीफ की और उन्हें दैवी शक्ति से युक्त बताया.साक्षी महाराज को उनके विवादास्पद बयानों के लिए 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया गया है. पांच बार के सांसद ने एक मीडिया साक्षात्कार में कहा था कि मोदी को एक ओर अर्थव्यवस्था पर और दूसरी ओर हिन्दू एजेंडा पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा था, मैं सरकार बना या तोड़ सकता हूं.लेकिन साक्षी महाराज ने बुधवार को अलग सुर में बात की और कहा कि राम मंदिर का निर्माण प्रतीक्षा कर सकता है क्योंकि सरकार का ध्यान विकास पर केंद्रित है. उन्होंने हालांकि जोर देते हुए कहा कि मोदी सहित हर कोई अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर चाहता है. उन्होंने इससे इंकार किया कि उन्होंने सरकार को कोई धमकी दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें गलत तरीके से कोट किया गया है. उन्होंने दावा किया कि वह मोदी के सैनिक और उनके प्रशंसक हैं.साक्षी ने कहा, 'मैं किस तरह कह सकता हूं कि मैं सरकार को बना या तोड़ सकता हूं. इस तरह का अहंकार एक मूर्ख को भी नहीं शोभा देता. मोदी भारत की दैवी शक्ति हैं. मैं उनका सैनिक हूं. वह सामान्य आदमी नहीं हैं बल्कि दैवी शक्ति हैं. भारत की प्रगति के लिए उनके पास जो विचार हैं और विश्व में उनका जो स्थान है, वह किसी आम आदमी के लिए सोचना भी संभव नहीं है.'
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।