नए गृह सचिव एल सी गोयल
(DELHI, India) शारदा घोटाले में आरोपी एवं केंद्र में मंत्री रह चुके कांग्रेस नेता मतंग सिंह की गिरफ्तारी में अड़ंगा लगाने की कथित कोशिश के मुद्दे पर पैदा हुए विवाद के बाद केंद्रीय गृह सचिव अनिल गोस्वामी को आज बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.अनिल गोस्वामी की जगह एल सी गोयल को नया गृह सचिव नियुक्त किया गया है. नए गृह सचिव एलसी गोयल ने चार्ज ले लिया है.पूर्व गृह सचिव अनिल गोस्वामी को पद से हटाए जाने के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. सीबीआई ने जब मतंग सिंह को सीबीआई के कोलकाता दफ्तर में बुलाया था तो मतंग सिंह ने गिरफ्तारी से पहले अपने फोन से गृह सचिव को फोन किया था. जिसके बाद उसी फोन पर गृह सचिव ने सीबीआई अफसरों से बात की जो रिकॉर्ड की जा रही थी. यही फोन गोस्वामी को हटाये जाने के लिए फंदा बना.मतंग सिंह ने सीबीआई से कहा कि मेरे बड़े लोगों से संबंध हैं. मतंग सिंह ने सीबीआई अधिकारियों से कहा कि मैं अपने फोन का इस्तेमाल करना चाहता हूं. सीबीआई ने आपत्ति की तो मतंग सिंह ने कहा कि, ''आपने मुझे अभी गिरफ्तार नहीं किया है, मुझे अपना फोन इस्तेमाल करने का अधिकार है.''फिर मतंग सिंह ने अनिल गोस्वामी को फोन किया. मतंग सिंह ने अपने फोन से गोस्वामी की बात सीबीआई अधिकारी से भी कराई. चूंकि मतंग सिंह का फोन पहले से ही सर्विलांस पर था इसलिए कॉल रिकॉर्ड हो गई. सीबीआई ने ये रिकॉर्डिंग गृह मंत्रालय के सामने पेश कर दी जिसे पीएमओ के सामने रखा गया. आखिरकार ये रिकॉर्डिंग ही गोस्वामी की कुर्सी जाने की वजह बनी.

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।