बहुजन समाज पार्टी के दिल्ली विधानसभा के चुनाव में दो सीटें और छह फीसदी वोट पाने में नाकाम रहने के बाद राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खत्म होना तय हो गया है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद यहां बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा चुनाव में सीट और प्राप्त मतों का लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही बसपा का राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिल्ली की शिकस्त के बाद खत्म होना तय है। बसपा को अब राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खत्म करने के मामले में नोटिस दी जाएगी तथा इसके लिए चलने वाली प्रक्रिया आगामी मार्च तक पूरी होगी। बसपा ने दिल्ली की सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। बसपा प्रमुख मायावती ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जोरदार प्रचार किया, लेकिन बसपा का भी कांग्रेस की तरह खाता नहीं खुला। इतना ही नहीं उसे 1.4 प्रतिशत मत ही मिले, जबकि राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा बरकरार रखने के लिए उसे कम से कम छह फीसद मत चाहिए थे।बसपा से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छिन जाने के बाद उसे मिलने वाली कई तरह की सहूलियतों पर विराम लग सकता है। मसलन चुनाव में प्रचार के लिए आकाशवाणी और दूरदर्शन से मुफ्त में समय नहीं मिलेगा और न ही उसका चुनाव चिह्न् हाथी बरकरार रह पाएगा। इससे पहले चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में बसपा को दो सीटें ही मिल सकी थीं। पार्टी ने एक सीट झारखंड तथा एक सीट हरियाणा में जीती थी।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।