हाई शुगर लेवल और खांसी के लिए बेंगलुरू में नैचुरोपैथी करा रहे दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल सोमवार को वापस लौटेंगे। केजरीवाल गत पांच मार्च को खांसी और रक्त में शर्करा के उच्च स्तर के इलाज के लिए अपने माता पिता के साथ बेंगलुरू गए थे। पहले कहा जा रहा था कि वह रविवार को लौटेंगे लेकिन एक अधिकारी ने साफ किया कि वह सोमवार को आएंगे।केजरीवाल स्वास्थ्य लाभ के बाद सोमवार को बेंगलुरू से दिल्ली से वापस लौटने के बाद मंगलवार यानी 17 मार्च से सरकार का कामकाज देखेंगे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का कहना है कि इलाज से कितना लाभ हुआ है इस बारे में स्वयं मुख्यमंत्री अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री के इलाज पर आने वाला खर्च सरकार देगी या वह स्वयं, इस बारे में भी उनके आने पर ही कोई बात की जाएगी। पिछले कई दिनों से केजरीवाल का स्वास्थ्य खराब चल रहा था। एक कार्यक्रम में मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बेंगलुरू के एक चिकित्सक से इलाज कराने की सलाह दी थी। मार्च की शुरूआत में उनका शुगर लेवल 300 तक पहुंच गया था जिसके कारण केजरीवाल की सेहत ज्यादा बिगड़ गई थी और शुगर को नियंत्रित करने के लिए इंसुलिन का इंजेक्शन भी काम नहीं कर रहा था। इसके चलते केजरीवाल ने नेचुरोपैथी से इलाज कराने का फैसला किया था। वह 10 दिन की छुट्टी लेकर इलाज कराने के लिए बेंगलुरू गए थे। बताया जा रहा है कि उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।