आम आदमी पार्टी में मचे घमासान के बीच योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके समर्थकों पर गंभीर सवाल उठाए। प्रशांत भूषण ने कहा कि कल पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है और हम चाहते हैं कि इसकी बैठक किसी हंगामे के बिना सुचारू तरीके से हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों से कहा गया है कि उन्हें फोन भी भीतर लेकर जाने की इजाजत नहीं मिलेगी, यह गलत है और हम मांग करते हैं कि बैठक की रिकॉर्डिंग कराई जाए। भूषण ने तर्कों और तथ्यों के जरिए यह जताने की कोशिश की कि केजरीवाल तानाशाह हैं और उन्हें ऐसे लोग बर्दाश्त नहीं है जो उनकी हां में हां नहीं मिला सकते। योगेंद्र यादव के अलावा प्रफेसर आनंद कुमार और अजीत झा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद प्रशांत भूषण ने राष्ट्रीय परिषद की बैठक में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कहा कि सभी विधायक जो परिषद के सदस्य भी नहीं है उन्हें इसमें आमंत्रित सदस्य के तौर पर बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि इन विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने साथ 50-50 समर्थकों को लेकर भी राष्ट्रीय परिषद में पहुंचे। प्रशांत भूषण ने कहा कि मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि जो राष्ट्रीय परिषद के सदस्य नहीं हैं, वे बैठ में नहीं आएं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।