‘सरकार कर रही है किसानों के हितों की अनदेखी’
(India)
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भूमि अधिग्रहण विधेयक पर केंद्र सरकार के दावों को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए विधेयक को लेकर शुक्रवार को सवालों की झड़ी लगा दी और कहा कि इसमें किसानों का मजाक उडाया गया है। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव लाने की कोशिश किसानों के हितों की अनदेखी है और चुनिंदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए है। उनका कहना है कि किसान को भूमि के बदले मुआवजा नहीं देना और जमीन का अधिग्रहण किसान की सहमति के बिना करना उसके साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार किसान को लाभ पहुंचाने वाले सभी प्रावधान इस कानून से हटा रही है और कांग्रेस किसानों के हितों की अनदेखी नहीं कर सकती। कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के भूमि अधिग्रहण कानून पर श्रीमती गांधी को लिखे पत्र के जवाब में आज केंद्र सरकार पर यह आरोप लगाया है। गडकरी ने पिछले दिनों सोनिया गांधी सहित विभिन्न राजनीति दलों के नेताओं को भूमि अधिग्रहण विधेयक पर पत्र लिखकर उनसे विधेयक का समर्थन करने की अपील की थी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।