भूमि अधिग्रहण विधेयक के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आमने-सामने आ गए हैं. सोमवार को सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता नितिन गडकरी ने उन पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया. गडकरी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेसनीत यूपीए सरकार की नीतियों के चलते ही बेरोजगारी और किसानों की खुदकुशी के मामले बढ़े. एनडीए सरकार के विवादास्पद विधेयक पर अहम भूमिका निभा रहे गडकरी ने सोनिया के एक पत्र का जवाब देते हुए कहा, आपकी सरकार द्वारा सिंचाई और अन्य ग्रामीण तथा सामाजिक बुनियादी परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण कानून के तहत एक भी एकड़ जमीन का अधिग्रहण नहीं किया गया और किसान हर बार बारिश पर निर्भर रहे. दरअसल गडकरी को लिखे पत्र में सोनिया ने बातचीत का गडकरी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था और कहा था कि यह मजाक है और बीजेपी सरकार ने एकपक्षीय तरीके से भूमि अध्यादेश लागू किया. विधेयक को किसान विरोधी बताते हुए सोनिया ने आरोप लगाया था कि सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए पूरी तरह समर्पण कर रही है. इस आरोप का जवाब देते हुए गडकरी ने कहा, पिछली सरकार ने जानबूझकर एक व्यवस्था बनाई जिसमें बड़ी भूमि अधिग्रहण परियोजनाएं आकलन के बाहर थीं जबकि राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याण परियोजनाएं इसमें फंसी हुई थीं.श्
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।