जनता परिवार के महाविलय पर आज निर्णायक बैठक
(India)
मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में पूर्ववर्ती जनता परिवार के छह दलों का आज विलय तय माना जा रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आ रहा है जब कुछ ही महीने बाद बिहार विधानसभा का चुनाव है जबकि 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव होना है। इसके तहत नये दल का नाम या तो समाजवादी जनता पार्टी या समाजवादी जनता दल और चुनाव चिन्ह साइकिल रखा जा सकता है और आज मुलायम सिंह यादव के आवास पर एक बैठक के बाद इसकी घोषणा की जा सकती है। बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू अध्यक्ष शरद यादव और पार्टी महासचिव के सी त्यागी के अलावा जद एस अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, समाजवादी जनता पार्टी प्रमुख कमल मोरारका और इनेलोद नेता दुष्यंत चैटाला के साथ मुलायम सिंह के भाई रामगोपाल यादव के शामिल होने की उम्मीद है। त्यागी ने कहा कि हम अंतिम घोषणा के लिए बैठक कर रहे हैं। सभी दलों के नेताओं के बीच एक दूसरे से बातचीत हो गई है और सभी मुददों को सुलक्षा लिया गया है। हमें कल घोषणा होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि चर्चा के बाद इस बात पर सहमति बनी है कि नई पार्टी का चुनाव चिन्ह साइकिल होगा। उल्लेखनीय है कि पांच अप्रैल को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने एक झंडा, एक निशान का नारा देते हुए एक तरह से विलय का एलान किया था और भाजपा को बिहार आने की चुनौती दी थी। लालू ने कहा था कि जहां तक जनता परिवार और छह दलों का सवाल है, इनका विलय हो गया है और सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे क्योंकि इसके लिए उन्हें अधिकृत किया गया है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।