रैली से पहले आज किसानों से मिलेंगे राहुल
(India)

राहुल गांधी कांग्रेस की रविवार को होने वाली किसान खेत मजदूर रैली से पहले आज किसानों से मुलाकात करेंगे। इस रैली में सरकार के भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश के विभिन्न किसान संगठनों के सदस्यों से मिलेंगे। किसानों के प्रतिनिधिमंडल में भट्टा परसौल गांव के किसान भी शामिल होंगे, जहां से राहुल गांधी ने वर्ष 2011 में किसानों की जमीन का जबरन अधिग्रहण किए जाने के खिलाफ पदयात्रा की शुरुआत की थी। यहां से शुरू हुए प्रदर्शन के परिणामस्वरूप भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास अधिनियम 2013 में उचित मुआवजे का अधिकार और पादर्शिता का अधिकार कानून पारित हुआ था। पार्टी पहले ही यह स्पष्ट कर चुकी है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ किसानों की रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली एक प्रकार से राहुल गांधी की वापसी की घोषणा और पार्टी द्वारा अपनी शक्ति के प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है। कांग्रेस भूमि अधिग्रहण संबंधी मूल अधिनियम में किए गए बदलावों का कड़ा विरोध कर रही है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।