भारत को विकास के लिए 10 अरब डॉलर देगा दक्षि‍ण कोरिया
(India) अपनी तीन देशों की यात्रा के आखि‍री पड़ाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षि‍ण कोरिया पहुंच चुके हैं. सियोल में सोमवार को प्रधानमंत्री ने एक बार फिर मेक इन इंडिया के तार छेड़े और कोरिया की कंपनियों को भारत में निवेश का न्यौता दिया, वहीं दक्षिण कोरिया ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए भारत को 10 अरब डॉलर की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है.पीएम मोदी और दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क गुएन-हाई के बीच सोमवार को शिखर बैठक हुई. बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान के मुताबिक, दक्षिण कोरिया रणनीति एवं वित्त मंत्रालय और कोरिया के निर्यात आयात बैंक ने भारत को बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 10 अरब डॉलर देने का इरादा जताया है.संयुक्त बयान में कहा गया है कि 10 अरब डॉलर में से एक अरब डालर आर्थिक विकास सहयोग कोष और 9 अरब डॉलर निर्यात ऋण सहायता शामिल है. निर्यात ऋण सहायता का उपयोग भारत में स्मार्ट शहरों, रेलवे, बिजली उत्पादन और पारेषण समेत प्राथमिक व अन्य क्षेत्रों के विकास में सहयोग के लिए है. मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए बुनियादी ढांचा क्षेत्र को प्रमुख प्राथमिक क्षेत्र के रूप में पहचान की है.प्रधानमंत्री मोदी की कोरिया यात्रा का मकसद जहाज निर्माण जैसे क्षेत्रों में कोरियाई निवेश प्राप्त करना है. भारत में प्रौद्योगिकी की गैर-उपलब्धता के कारण यह क्षेत्र पीछे है. बयान के अनुसार, राष्ट्रपति पार्क ने भारत के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का स्वागत किया. पीएम मोदी ने कोरिया को ‘मेक इन इंडिया’ में विशेष भागीदारी बनने का न्यौता दिया, जिसकी राष्ट्रपति पार्क ने सराहना की.




Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।