जयललिता सुबह 11 बजे लेंगी तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ
(India) जयललिता तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में आज सुबह 11 बजे शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह मद्रास यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। उनके साथ 28 मंत्री भी शपथ लेंगे। वह करीब 8 महीने बाद पद पर लौटने जा रही हैं। शुक्रवार सुबह AIADMK विधायक दल की बैठक में जयललिता को विधायक दल का नेता चुना लिया गया। जयललिता इस बैठक में मौजूद नहीं थीं। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने इस्तीफा दे दिया, जिससे जयललिता के एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने का रास्ता भी साफ हो गया। दोपहर में जयललिता ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। जयललिता को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अम्मा समर्थकों में जश्न का माहौल है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बरी होने के बाद पहली बार जयललिता शुक्रवार को समर्थकों से भी मुख़ातिब हुईं। पिछले साल अक्टूबर में जमानत हासिल करने के बाद बेंगलुरु से शहर लौटने के बाद सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने हवाई अड्डे से लेकर उनके घर के रास्ते में उनके काफिले का स्वागत किया था। हालांकि उन्होंने जनता को संबोधित नहीं किया था। पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम चेन्नई में पार्टी मुख्यालय पर गुरुवार शाम से ही उमड़ना शुरू हो चुका था। जयललिता को कर्नाटक हाईकोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में 11 मई को बरी कर दिया था। एक विशेष अदालत ने उन्हें पिछले साल 27 सितंबर को इस मामले में दोषी ठहराया था और चार साल की सजा सुनाई थी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।